हरदोई में करंट की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत, नहाने के बाद कपड़े फैलाने गया था, बचाने गई मां भी चपेट में आई

हरदोई। बेनीगंज कोतवाली के शुक्लापुर में गुरुवार सुबह पंखे में अचानक करंट उतरने से किशोर उसकी चपेट में आ गया, किशोर की चीखें सुनकर कुछ दूर नहा रही उसकी मां उसे बचाने दौड़ी, नतीजतन दोनों की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। एक साथ दो-दो मौतें होने से घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हादसे की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बेनीगंज कोतवाली के शुक्लापुर निवासी नरेन्द्र शुक्ला के परिवार में 40 वर्षीय पत्नी रजनी के अलावा दो बेटे 15 वर्षीय अंकुल शुक्ला और 13 वर्षीय सूरज शुक्ला था। सूरज परमाई लाल जूनियर हाई स्कूल बक्सापुर में पढ़ाई करता था। गुरुवार की सुबह नरेन्द्र और अंकुल घर से कही बाहर गए हुए थे, घर में सूरज और उसकी मां रजनी थी। सूरज सुबह नहाने के बाद में आंगन में बंधे तार पर कपड़े डालने गया था। इस तार के पास ही बिजली का तार निकला था और तार में जोड़ था। कपड़े डालते समय सूरज का हाथ जोड़ पर पड़ गया। इसके कारण उसे करंट लग गया। करंट लगने से पास ही रखा पंखा भी उस पर ही गिर गया। उसे छटपटाता देख उसकी मां रजनी शुक्ला भी उसे बचाने की कोशिश करने लगी, तो वह भी करंट की चपेट में आ गई। जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक मां-बेटे दोनों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके बाद बिजली की आपूर्ति को बंद कराया गया। घटना की जानकारी पर नायब तहसीलदार अनुज कुमार वर्मा, बेनीगंज कोतवाल संजय त्यागी, लेखपाल विनय बाजपेई मौके पर पहुंच गए। कोतवाल ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और हादसे की जांच शुरू कर दी हैं।

एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि बेनीगंज के शुक्लापुर में करंट की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है, जांच में जो तथ्य आएंगे उसी के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।