हरदोई कलेक्ट्रेट का मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण, कमियों के सुधार पर दिया जोर, बोले- इससे कार्यप्रणाली होती हैं चुस्त-दुरुस्त

हरदोई। लखनऊ मंडल के आयुक्त विजय विश्वास पंत ने मंगलवार को हरदोई कलेक्ट्रेट का निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस तरह के निरीक्षण कमियां निकालने के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किए जाते हैं।
मंडलायुक्त ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी मंडलायुक्त अपने-अपने मंडल के कलेक्ट्रेट और प्रमुख कार्यालयों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट और तहसीलों का तथा मुख्य विकास अधिकारी अपने-अपने ब्लॉकों का निरीक्षण करेंगे। इससे व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आती है और जो कमियां सामान्य रूप से ध्यान में नहीं आती, वे भी स्पष्ट हो जाती हैं, जिससे कार्यप्रणाली अधिक चुस्त-दुरुस्त बनती है।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कलेक्ट्रेट के अंग्रेजी अनुभाग, शस्त्र अनुभाग और संयुक्त कार्यालय का अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव, कार्यप्रणाली और कार्यालय व्यवस्था की जानकारी ली। कुछ स्थानों पर छोटी-मोटी कमियां पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही उन्होंने कहा कि निरीक्षण में कुछ अच्छी व्यवस्थाएं और सकारात्मक पहल भी देखने को मिली हैं, जिन्हें अन्य कार्यालयों में भी अपनाया जा सकता है।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार मंडलायुक्त सुबह 10 बजे जिलाधिकारी कार्यालय का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे से 2:30 बजे तक मंत्री के पूर्व दौरे में दिए गए निर्देशों और लंबित कार्यों की समीक्षा करेंगे। दोपहर 3 से 3:30 बजे तक विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) की समीक्षा तथा शाम 4 बजे दो प्रमुख परियोजनाओं का निरीक्षण प्रस्तावित है।