‘घूसखोर पंडत’ फिल्म के टाइटल और डायलॉग पर आपत्ति, हरदोई में अधिवक्ताओं ने न्यायालय में दायर किया वाद, आलोक अवस्थी बोले- इससे समाज़ की भावनाएं आहत हुई

हरदोई। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने जा रही फिल्म 'घूसखोर पंडत'को लेकर हरदोई में विरोध शुरू हो गया है। ब्राह्मण समाज से जुड़े अधिवक्ताओं ने फिल्म के शीर्षक और संवादों को आपत्तिजनक बताते हुए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता आलोक अवस्थी के नेतृत्व में कई अधिवक्ताओं ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में फिल्म के कलाकारों, निर्देशक और संबंधित ओटीटी प्लेटफॉर्म के खिलाफ वाद दायर किया है। अधिवक्ताओं का कहना है कि फिल्म के नाम और संवादों में ब्राह्मण समाज की छवि को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है, जिससे समाज की भावनाएं आहत हो रही हैं।
अधिवक्ता आलोक अवस्थी ने बताया कि फिल्म में कुछ ऐसे संवाद शामिल किए गए हैं, जो किसी विशेष समाज के प्रति अपमानजनक हैं। उनका कहना है कि मनोरंजन के नाम पर किसी भी समुदाय की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना उचित नहीं है। उन्होंने फिल्म के शीर्षक पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे पूरे समाज को नकारात्मक रूप में दिखाने की कोशिश की जा रही है।
अधिवक्ताओं ने न्यायालय से मांग की है कि मामले की सुनवाई कर संबंधित पक्षों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए और आपत्तिजनक सामग्री पर रोक लगाई जाए। उनका कहना है कि फिल्मों और वेब कंटेंट को सामाजिक जिम्मेदारी के साथ बनाया जाना चाहिए, ताकि किसी भी वर्ग या समुदाय की भावनाएं आहत न हों। मामले को लेकर शहर में चर्चा का माहौल है और अब सबकी नजर न्यायालय की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।