हरदोई में घर में घुसकर बदमाशों का तांडव, परिजनों को बंधक बनाकर की लूट, ₹30 हज़ार की नगदी समेत लाखों के जेवरात लेकर हुए फरार

हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के मलकापुर गांव में देर रात घर में घुसकर लूटपाट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने परिवार के लोगों को बंधक बनाकर नगदी और जेवरात लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी 50 वर्षीय अनीस पुत्र नसीर के घर देर रात 4 से 5 बदमाश घुस आए। बदमाशों ने घर में मौजूद परिजनों को डराकर एक जगह बंधक बना लिया और उनसे अलमारी की चाबी ले ली। इसके बाद उन्होंने घर में रखी करीब 30 हजार रुपये की नकदी और लाखों रुपये के जेवरात समेट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर शाहाबाद पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी आलोक राज नारायण, एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की और आवश्यक जानकारी जुटाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और सर्विलांस सेल को भी जांच में लगाया गया है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि शाहाबाद पुलिस को सुबह करीब 4 बजे घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की गई है। घटना के खुलासे के लिए एएसपी के नेतृत्व में तीन टीमें गठित की गई हैं और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।