हरदोई में धारदार हथियार से युवक की हत्या, विवाद में पारिवारिक दबंगों ने बोला हमला, आधा दर्जन पर आरोप

हरदोई। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के बलेहरा गांव में मंगलवार भोर एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बलेहरा गांव निवासी 36 वर्षीय अच्छे सिंह पुत्र छुटकुन सिंह पर सुबह तड़के कुछ लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पीआरवी 112 को सुबह करीब 7:30 बजे मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायल अच्छे सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार हत्या का आरोप मृतक के ही पारिवारिक रिश्तेदारों पर लगाया गया है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि आरोपियों में अजीत सिंह, पिंकू, अंकित सिंह समेत अन्य लोग शामिल हैं, जो मृतक के रिश्ते में चाचा, भतीजे और भाई लगते हैं। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया।
सूचना पर थाना पुलिस और पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।