हरदोई लूटकांड में आईजी लखनऊ जोन का निरीक्षण, परिवार से बात कर जल्द खुलासे के निर्देश, बदमाशों ने बंधक बनाकर की थी लूट

हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के मलकापुर गांव में हुई लूट की वारदात के बाद आईजी लखनऊ जोन किरण एस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को जल्द खुलासे के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अनीस पुत्र नसीर के घर देर रात 4 से 5 बदमाश घुस आए थे। बदमाशों ने घर में मौजूद परिजनों को बंधक बनाकर अलमारी की चाबी ले ली और करीब 30 हजार रुपये नकद तथा लाखों रुपये के जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी।
सूचना पर शाहाबाद पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी आलोक राज नारायण, एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और सर्विलांस सेल को भी जांच में लगाया गया है।
आईजी किरण एस के निरीक्षण के बाद मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घटना के खुलासे में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए एएसपी के नेतृत्व में तीन टीमें गठित कर दी गई हैं और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग कराई जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का भरोसा दिलाया है।
जब घटना के संबंध में पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ जोन से फोन पर वार्ता की गई तो उनका फोन पीआरओ ने उठाया और कहा कि साहब से पूछकर बात कराते हैं।