ऑपरेशन डिग्निटी के तहत प्रयागराज जंक्शन पर मिली महिला, आरपीएफ ने परिजनों को सुरक्षित सौंपा

प्रयागराज। रेलवे सुरक्षा बल ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए ?ऑपरेशन डिग्निटी? के तहत प्रयागराज जंक्शन पर मिली एक महिला को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। महिला मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले की रहने वाली थी और अपने घर से बिना बताए निकलकर प्रयागराज पहुंच गई थी।

रेलवे सुरक्षा बल निरीक्षक, प्रयागराज को 24 अगस्त को सूचना मिली कि मध्य प्रदेश निवासी एक महिला प्रयागराज जंक्शन पर मौजूद है। सूचना मिलते ही आरपीएफ के कांस्टेबल बेलाल अहमद और महिला कांस्टेबल उमा देवी ने तत्काल महिला की तलाश शुरू की।

तलाशी के दौरान महिला को करीब दोपहर 12:30 बजे प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 2-3 पर सुरक्षित पाया गया। महिला को महिला कांस्टेबल की निगरानी में रखा गया और उसके परिजनों को तत्काल सूचना दी गई।

सूचना मिलने के बाद महिला के पति राजभान सिंह यादव और भांजे सौरभ 25 अगस्त को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, प्रयागराज पहुंचे। महिला की पहचान की पुष्टि के लिए संबंधित थाना पिपरई, जिला अशोकनगर, मध्य प्रदेश से आवश्यक जानकारी और सत्यापन कराया गया।

पहचान एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद महिला की सहमति से उप निरीक्षक ओमवीर सिंह ने महिला कांस्टेबल भोती गुर्जर की मौजूदगी में महिला को उसके पति राजभान सिंह यादव के सुपुर्द कर दिया।

आरपीएफ की इस तत्पर कार्रवाई से महिला को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जा सका। ?ऑपरेशन डिग्निटी? के तहत की गई यह कार्रवाई रेलवे सुरक्षा बल की यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ मानवीय जिम्मेदारियों के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।