इज्जतनगर मंडल में आरपीएफ ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर

बरेली। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या और ?हर घर तिरंगा? अभियान के तहत पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना रहा।

मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त मिथुन सोनी के निर्देशन में आयोजित तिरंगा यात्रा का नेतृत्व सहायक मंडल सुरक्षा आयुक्त मोहम्मद असलम ने किया। यात्रा का शुभारंभ आरपीएफ मंडलीय रिजर्व से हुआ।

हाथों में तिरंगा लेकर आरपीएफ के जवान पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा इज्जतनगर रेलवे स्टेशन और जीटी रोड होते हुए मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पहुंची। इसके बाद रेलवे कॉलोनी से होते हुए यात्रा वापस आरपीएफ मंडलीय रिजर्व कार्यालय पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल नजर आया। आरपीएफ जवानों के साथ आमजन ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, आरपीएफ जवानों और आम नागरिकों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। साथ ही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का संदेश दिया गया।

तिरंगा यात्रा के माध्यम से इज्जतनगर मंडल ने ?हर घर तिरंगा? अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मनाने का संदेश दिया।