इज्जतनगर मंडल में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, रेलकर्मियों और परिजनों ने निकाली भव्य तिरंगा रैली

बरेली। स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह के निर्देशन में रेलकर्मियों एवं उनके परिजनों ने हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत भव्य तिरंगा रैली निकाली।

रैली का शुभारंभ रोड नंबर-4 स्थित रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम से हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में रेलकर्मी और उनके परिजन न्यू मॉडल कॉलोनी तक पहुंचे। रैली के दौरान भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। वापसी के बाद रैली का समापन रोड नंबर-4 पर किया गया।

रेल प्रशासन के अनुसार हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और अपनत्व की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।

रेल प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं और अभियान की विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लें। साथ ही हर घर तिरंगा पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड कर इस राष्ट्रीय जन अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया गया।

इज्जतनगर मंडल की यह तिरंगा रैली स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति, एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देती नजर आई। रेलकर्मियों और उनके परिवारों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने अभियान को और भव्य बना दिया।