इज्जतनगर मंडल में 660 रूट किलोमीटर पर लगेगा कवच 4.0, ₹295 करोड़ की मंजूरी

बरेली। रेल यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत करने की दिशा में भारतीय रेलवे ने पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में बड़ा कदम उठाया है। मंडल के 660 रूट किलोमीटर रेलखंड पर कवच संस्करण 4.0 लगाने के कार्य को मंजूरी प्रदान की गई है। इस परियोजना पर करीब 295 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

कवच देश में स्वदेशी रूप से विकसित स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली है, जिसका उद्देश्य ट्रेनों को खतरे के समय सुरक्षित रखना, सिग्नल पार करने की घटनाओं को रोकना और संभावित टक्कर की स्थिति में सुरक्षा बढ़ाना है। यह प्रणाली ट्रेन की गति और परिचालन की लगातार निगरानी करती है तथा आवश्यकता पड़ने पर स्वतः ब्रेक लगाकर ट्रेन को नियंत्रित करने में सक्षम है।

53 स्टेशनों को मिलेगा कवच का सुरक्षा कवच

इज्जतनगर मंडल में कवच 4.0 के दायरे में कुल 53 स्टेशन शामिल किए गए हैं। इनमें कासगंज-इज्जतनगर, इज्जतनगर-काठगोदाम, लालकुआं-रामपुर, लालकुआं-काशीपुर, रामनगर-कटघर, भोजीपुरा-टनकपुर, पीलीभीत-शाहजहांपुर, पीलीभीत-मैलानी तथा मंधना जंक्शन-ब्रह्मावर्त रेलखंड शामिल हैं।

कवच प्रणाली लागू होने के बाद इन रेलखंडों पर ट्रेनों की निगरानी और संरक्षा व्यवस्था पहले की तुलना में और मजबूत होगी। इसके साथ ही अधिकतम अनुमेय गति पर ट्रेनों के सुरक्षित संचालन में भी मदद मिलेगी।

कोहरे में भी सुरक्षित संचालन में मददगार

कवच 4.0 की खासियत यह है कि यह प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों में भी रेल संचालन की सुरक्षा बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विशेष रूप से घने कोहरे के दौरान ट्रेन परिचालन की निगरानी को बेहतर बनाने में यह तकनीक उपयोगी साबित होगी।

इज्जतनगर मंडल के 660 रूट किलोमीटर पर कवच 4.0 की मंजूरी से मंडल की संरक्षा अवसंरचना को नई मजबूती मिलेगी। इससे रेल परिचालन में सुरक्षा, विश्वसनीयता और दक्षता बढ़ने के साथ यात्रियों को अधिक सुरक्षित रेल यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।