मुख्य अभियंता के औचक निरीक्षण से बिजलीघरों में बढ़ी कार्यकुशलता

मुरादाबाद। बिजली व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य अभियंता शशांक कुमार अग्रवाल ने गुरुवार को बुद्धि विहार,जिगर कॉलोनी और काशीराम सहित कई बिजलीघर का औचक निरीक्षण किया। मुख्य अभियंता के अचानक पहुंचने से बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में सक्रियता बढ़ गई।

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ने बिजलीघरों की व्यवस्थाओं, विद्युत आपूर्ति की स्थिति, उपकरणों और अभिलेखों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

मुख्य अभियंता के औचक निरीक्षण को विभागीय व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अचानक निरीक्षण से अधिकारियों और कर्मचारियों में भी अपने कार्यों के प्रति सजगता बढ़ी है। वहीं, बिजलीघरों में साफ-सफाई, उपकरणों की देखरेख और आपूर्ति व्यवस्था को लेकर भी गंभीरता दिखाई गई।

मुख्य अभियंता शशांक कुमार अग्रवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि विद्युत आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के नियमित और औचक निरीक्षणों से बिजली व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता बढ़ती है। मुख्य अभियंता के निरीक्षण से विभागीय अमले में नई ऊर्जा देखने को मिली और उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं देने की प्रतिबद्धता और मजबूत हुई।