औद्योगिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा को लेकर चेकिंग अभियान, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के आदेशानुसार जिले के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने प्रतिष्ठानों में सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय एवं अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों में लगे अग्निशमन उपकरणों, उनकी कार्यशीलता और आपातकालीन व्यवस्थाओं की जांच की। इसके साथ ही आपातकालीन निकास मार्गों का भी निरीक्षण किया गया, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में कर्मचारियों और अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों एवं कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा मानकों का गंभीरता से पालन करने तथा आपात स्थिति में बचाव के लिए हमेशा तैयार रहने के निर्देश दिए। अभियान का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों में आग की घटनाओं की रोकथाम के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और सुरक्षित कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।