मॉक ड्रिल से बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूक हुआ स्कूल प्रबंधन

मुरादाबाद। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अग्निशमन विभाग की ओर से स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के अग्निशमन महानिदेशक मुथा अशोक जैन के आदेश तथा एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देश पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में सिविल लाइंस स्थित नियो डेल्स प्ले स्कूल में मॉक ड्रिल कराई गई।

अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने सुरक्षा कर्मियों के साथ मॉक ड्रिल के माध्यम से आपात स्थिति में सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने और आवश्यक सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। इस दौरान स्कूल परिसर में आपातकालीन निकास मार्गों का निरीक्षण भी किया गया।

स्कूल प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों को निर्देशित किया गया कि आपातकालीन निकास मार्गों को सदैव अवरोध मुक्त रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में बच्चों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

मॉक ड्रिल के दौरान सुरक्षा कर्मियों को सजग रहने, आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने और अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया। अग्निशमन विभाग की इस पहल से स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के साथ-साथ बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी।