विवेकानंद केंद्र विद्यालय में छात्र परिषद का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

ई-वोटिंग से चुने गए छात्र प्रतिनिधियों ने ली निष्ठा की शपथ; आरव हेड बॉय और माही बनीं हेड गर्ल

संवाददाता ? संतोष व्यास

ऋषभदेव/डूंगरपुर। विवेकानंद केंद्र विद्यालय ऋषभदेव में शैक्षणिक सत्र 2026?27 की नवनिर्वाचित छात्र परिषद का शपथ ग्रहण एवं अलंकरण समारोह शनिवार को विद्यालय परिसर स्थित विवेकानंद सभागार में पूर्ण गरिमा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। लोकतांत्रिक मूल्यों, अनुशासन एवं भावी नेतृत्व क्षमता के विकास को समर्पित इस समारोह में ई-वोटिंग प्रणाली से चुने गए छात्र प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुआ। इसके उपरांत विद्यार्थियों ने महापुरुषों के प्रेरणादायी विचारों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। समारोह की अध्यक्षता संस्था प्रधान डॉ. पद्मिनी नायडू ने की, जबकि ऋषभदेव पुलिस थाने के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर मुकेश कुमार घारु मुख्य अतिथि तथा असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार मीणा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

- पारदर्शी ई-वोटिंग से हुआ चुनाव

विद्यालय में छात्र परिषद के गठन के लिए दो चरणों में आधुनिक ई-वोटिंग प्रणाली के जरिए निष्पक्ष चुनाव कराए गए। प्रथम चरण में कक्षा 8 से 12 तथा द्वितीय चरण में कक्षा 1 से 7 तक के विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रूप देने के लिए चुनाव आयुक्त, रिटर्निंग व पोलिंग ऑफिसर तथा अनुशासन दल का गठन किया गया था।

समारोह में शीर्ष पदों पर आरव मकवाना को हेड बॉय तथा माही जांगिड़ को हेड गर्ल का दायित्व सौंपा गया। वहीं, हिम जोशी को वाइस हेड बॉय व भार्गवी घारु को वाइस हेड गर्ल बनाया गया। इसके अलावा स्पोर्ट्स कैप्टन रियांश पंड्या एवं आरव खराड़ी, कल्चरल कैप्टन भुविका तेली एवं विधि कलाल, अनुशासन कैप्टन चंद्रदेवोत खराड़ी एवं अलीशा जैन, भारद्वाज हाउस कैप्टन द्विज जैन, वाइस कैप्टन हेनिस लोहार, प्रीफेक्ट चर्या जैन, दिव्या बैरागी, नील जैन, विश्वामित्र हाउस कैप्टन ध्वनि जैन, वाइस कैप्टन कृषा गांधी, प्रीफेक्ट निशिता चौधरी, हीरेन व्यास, लेंसी पंचाल, याशिका जैन, गौतम हाउस कैप्टन मानवी मीणा, वाइस कैप्टन प्रतिभा भोई, प्रीफेक्ट गुंजन कुमारी, आराध्या माहेश्वरी, धुन सोमपुरा, नाया जैन, वशिष्ठ हाउस कैप्टन सायना जैन, वाइस कैप्टन लवनीस त्रिवेदी, प्रीफेक्ट ध्यानी कलाल, तनिष्का मीणा, परी द्विवेदी, लावण्या चौबीसा को नियुक्त किया गया।

- नेतृत्व और अनुशासन ही लोकतंत्र का आधार

संस्थाप्रधान डॉ. पद्मिनी नायडू ने सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह प्रक्रिया विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिकता और लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करती है। मुख्य अतिथि मुकेश कुमार घारु ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, समानता और उत्तरदायित्व का नाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों का उपयोग समाज हित में करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समग्र प्रभारी आरएस परिहार रहे तथा कुशल मंच संचालन जया नायर द्वारा किया गया। अंत में अचला बोहरा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।