ऑपरेशन प्रहार के तहत उदयपुर में नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत, सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने किया पोस्टर विमोचन

संवाददाता ? संतोष व्यास

उदयपुर/डूंगरपुर। युवाओं को नशे की लत से दूर रखकर एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से उदयपुर में ऑपरेशन प्रहार नशे के खिलाफ जन-जन का अभियान की विधिवत शुरुआत की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प को साकार करने की दिशा में न्यू विजन संस्थान के तत्वावधान में श्री राधे कृष्ण फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस अभियान के पोस्टर का विमोचन शनिवार को उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने किया।

सांसद डॉ. रावत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पहला सुख निरोगी काया है और व्यक्ति के स्वस्थ रहने पर ही वह जीवन में सफलता की नई ऊंचाइयों को छू सकता है। उन्होंने कहा कि देश ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का महान संकल्प लिया है, जिसमें हमारे युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। सांसद ने युवाओं से इस जन-अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और नशे के दलदल में फंसे लोगों को मुख्यधारा में वापस लाने में मदद करने का आह्वान किया।

- तीन चरणों में संचालित होगा ऑपरेशन प्रहार

न्यू विजन संस्थान के अध्यक्ष हर्षित चौर्डिया ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि ऑपरेशन प्रहार को तीन सुव्यवस्थित चरणों में पूरा किया जाएगा, प्रथम चरण में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाकर लोगों को नशे के जानलेवा दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा। वहीं, द्वितीय चरण में नशे की गिरफ्त में आ चुके युवाओं व नागरिकों को चिन्हित कर उन्हें नशा छोड़ने का दृढ़ संकल्प दिलाया जाएगा। तृतीय चरण के अंतर्गत सरकारी एजेंसियों एवं विशेषज्ञों के सहयोग से प्रभावी नशा मुक्ति अभियान और पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

- दूध पियो - स्वस्थ रहो से देंगे नशा छोड़ो-जीवन मोड़ो का संदेश

श्री राधे कृष्ण फाउंडेशन के संचालक लोकेश पटेल ने बताया कि अभियान का मुख्य ध्येय नशा छोड़ो जीवन मोड़ो है। इसी क्रम में रविवार को देबारी स्थित प्रसिद्ध घाटा वाली माताजी मंदिर में विशेष पहल की जाएगी। मंदिर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं एवं युवाओं को दूध पियो स्वस्थ रहो संदेश के साथ मिल्क रोज का वितरण किया जाएगा और उन्हें नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान श्री राधे कृष्ण फाउंडेशन के सचिव हरीश पटेल, केंद्र प्रभारी जगदीश सहित संस्थान के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।