आदिवासी, किसानों और युवाओं की विभिन्न मांगों को लेकर कल डूंगरपुर में होगा जेल भरो आंदोलन

संवाददाता ? संतोष व्यास

डूंगरपुर। आदिवासी-किसानों, युवाओं, विद्यार्थियों और श्रमिकों के अधिकारों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को लेकर 10 अगस्त सोमवार को डूंगरपुर जिला मुख्यालय पर एक विशाल जेल भरो आंदोलन आयोजित किया जाएगा। अखिल भारतीय किसान सभा के जिला सचिव भगवती डामोर और एसएफआई के जिलाध्यक्ष जितेश कुमार ने एक प्रेस नोट जारी कर इस आंदोलन की जानकारी दी।

यह आंदोलन शहर के बादल महल रोड से शुरू होकर जिला मुख्यालय तक एक रैली के रूप में निकाला जाएगा। इसमें स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया, आदिवासी जनाधिकार एकामन्च राजस्थान, अखिल भारतीय किसान सभा और सीटू सहित कई जनसंगठनों के कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे।

किसान व छात्र नेताओं ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में 40 प्रतिशत न्यूनतम अंकों की अनिवार्यता आदिवासी व पिछड़े वर्ग के युवाओं के अवसरों को सीमित कर रही है, जिसे तत्काल समाप्त किया जाना चाहिए। इसके अलावा, राज्य सेवाओं में टीएसपी क्षेत्र के युवाओं के लिए 6.5 प्रतिशत पृथक आरक्षण लागू करने, छात्रसंघ चुनाव बहाल करने तथा जल-जंगल-जमीन पर समुदाय के अधिकारों को सुरक्षित करने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी।

आंदोलन के माध्यम से वनाधिकार कानून के तहत लंबित दावों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र परिवारों को वनाधिकार पट्टे देने और बिलानाम जमीन के पात्र दावों का निस्तारण कर भूमिहीन परिवारों को अधिकार सौंपने की मांग भी की जाएगी। किसान सभा के नेताओं ने क्षेत्र के किसान, खेत मजदूर, युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से 10 अगस्त को आयोजित इस जेल भरो आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।