मुरादाबाद की बिजली व्यवस्था होगी और अधिक मजबूत, प्रबंध निदेशक ने दिए गुणवत्ता व उपभोक्ता हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता के निर्देश

मुरादाबाद। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने बुधवार को मुरादाबाद नगर क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था एवं विभिन्न वाणिज्यिक और तकनीकी परियोजनाओं की व्यापक समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।

समीक्षा बैठक में राजस्व वृद्धि, स्मार्ट मीटर बिलिंग, स्मार्ट प्रीपेड मीटर, लाइन लॉस में कमी, विद्युत सुरक्षा, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, बिजनेस प्लान 2026-27, विद्यालयों की लाइन शिफ्टिंग तथा तकनीकी परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिए कि स्मार्ट मीटर परियोजना में तेजी लाई जाए, विद्युत आपूर्ति को और अधिक विश्वसनीय बनाया जाए तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और अधिकारियों को नियमित प्रशिक्षण देने पर भी विशेष जोर दिया।

बैठक के दौरान मुरादाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा संचालित एससीएडीए (SCADA) कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारों के निर्देश दिए गए ताकि आधुनिक तकनीक के माध्यम से बिजली आपूर्ति की निगरानी और संचालन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

बैठक में मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, एक्सईएन सहित विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। समीक्षा के अंत में प्रबंध निदेशक ने कहा कि बेहतर तकनीक, पारदर्शी कार्यप्रणाली और उपभोक्ता-केंद्रित सेवाओं के माध्यम से मुरादाबाद की विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनाया जाएगा।