बिजली चोरी के खिलाफ विभाग की बड़ी कार्रवाई, 15 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू

मुरादाबाद। विद्युत विभाग ने बिजली चोरी और बकाया वसूली के विरुद्ध अभियान को और तेज करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। विभाग द्वारा चलाए गए विशेष जांच अभियान के तहत 15 मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए रिपोर्ट थाना बुद्धि विहार को भेजी गई है।

अवर अभियंता, दलपतपुर द्वितीय की ओर से 21 जुलाई 2026 को भेजी गई रिपोर्ट के अनुसार, जांच के दौरान बिजली चोरी के मामलों का पता चलने पर संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत कार्रवाई की संस्तुति की गई। पुलिस ने इन मामलों में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

विद्युत विभाग का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य बिजली चोरी पर प्रभावी रोक लगाना, ईमानदार उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना तथा निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना है। विभाग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।

विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे वैध विद्युत कनेक्शन का ही उपयोग करें और बिजली चोरी जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को बेहतर और सुचारु बिजली आपूर्ति का लाभ मिल सके।