मुरादाबाद में बिजली चोरी पर तड़के बड़ी कार्रवाई, 29 घरों में पकड़ी गई चोरी, 10.08 लाख रुपये का आकलन

मुरादाबाद। निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और लाइन लॉस कम करने के उद्देश्य से विद्युत विभाग ने बुधवार तड़के व्यापक "बिजली चोरी रोको अभियान" चलाया। सुबह 4 बजे शुरू हुए विशेष मॉर्निंग रेड के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सघन जांच कर 29 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई।

अधिशासी अभियंता के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों ने संवेदनशील क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान गलशहीद मोहल्ला तथा अगवानपुर उपखंड क्षेत्र में कई स्थानों पर मीटर बाईपास कर सीधे हुकिंग से बिजली चोरी करते हुए लोग पकड़े गए।

विद्युत विभाग ने सभी 29 मामलों में विद्युत अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है। विभाग के अनुसार इन मामलों में करीब 36 किलोवाट विद्युत भार की चोरी पाई गई है, जिसके आधार पर लगभग 10.08 लाख रुपये का राजस्व निर्धारण एवं शमन शुल्क लगाया गया है। इसकी वसूली के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी रोकने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल वैध बिजली कनेक्शन का ही उपयोग करें और बिजली चोरी जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।