दिल्ली क्षेत्र में रेल परिचालन प्रभावित, उत्तर पश्चिम रेलवे की चार रेल सेवाएं आज रहेंगी रद्द

जयपुर। दिल्ली क्षेत्र में रेल परिचालन प्रभावित होने के कारण उत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कुछ रेल सेवाओं को अस्थायी रूप से रद्द करने का निर्णय लिया है। इसके चलते उत्तर पश्चिम रेलवे पर संचालित चार रेलगाड़ियां 22 जुलाई 2026 को रद्द रहेंगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि प्रभावित रेल सेवाओं में नई दिल्ली हिसार (54423), दिल्ली रेवाड़ी (54421 एवं 54417) तथा रेवाड़ी दिल्ली (54420) शामिल हैं।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें और उसी के अनुसार यात्रा की योजना बनाएं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, परिचालन सामान्य होते ही रेल सेवाओं को नियमित रूप से संचालित किया जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा और सुचारु रेल संचालन रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।