प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान को दी 8 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों की सौगात

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन से वर्चुअल माध्यम से राजस्थान के आठ अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही देशभर के कुल 75 पुनर्विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया गया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन ने बताया कि राजस्थान के बाड़मेर, दौसा, डीग, गंगापुर सिटी, गोटन, जैसलमेर, खैरथल और सोमेसर रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास किया गया है। इन स्टेशनों पर आधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।

जालंधर कैंट में आयोजित मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री रवनीत सिंह, पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

राजस्थान के विभिन्न स्टेशनों पर आयोजित समारोहों में राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, भूपेंद्र यादव, भागीरथ चौधरी सहित अनेक सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने अमृत भारत स्टेशन योजना को रेलवे के आधुनिकीकरण और क्षेत्रीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित इन स्टेशनों पर आधुनिक स्टेशन भवन, बेहतर प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, उन्नत यात्री सूचना प्रणाली, आकर्षक प्रवेश द्वार, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय व्यापार, पर्यटन और क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।