यात्रियों को बड़ी सौगात: हिसार-खड़की और हिसार-तिरुपति स्पेशल ट्रेनें अब नियमित रेलसेवा के रूप में चलेंगी

जयपुर। भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हिसार-खड़की-हिसार तथा हिसार-तिरुपति-हिसार स्पेशल ट्रेनों का संचालन अब नियमित रेलसेवाओं के रूप में करने का निर्णय लिया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि दोनों ट्रेनों का नियमित संचालन जुलाई के अंतिम सप्ताह से शुरू होगा।

हिसार-खड़की सुपरफास्ट एक्सप्रेस (22979/22980) का संचालन 26 जुलाई 2026 से शुरू होगा। ट्रेन प्रत्येक रविवार को हिसार से रवाना होकर सोमवार सुबह खड़की पहुंचेगी, जबकि वापसी सेवा 27 जुलाई से प्रत्येक सोमवार को खड़की से चलकर मंगलवार रात हिसार पहुंचेगी। यह ट्रेन जयपुर, कोटा, रतलाम, वडोदरा, सूरत, कल्याण और लोनावला सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। ट्रेन में कुल 19 कोच होंगे, जिनमें एसी, स्लीपर, सामान्य और पावर कार शामिल हैं।

वहीं हिसार-तिरुपति एक्सप्रेस (14723/14724) का नियमित संचालन 25 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा। यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार को हिसार से रवाना होकर सोमवार सुबह तिरुपति पहुंचेगी, जबकि वापसी सेवा 27 जुलाई से प्रत्येक सोमवार को तिरुपति से चलकर बुधवार रात हिसार पहुंचेगी। ट्रेन जयपुर, कोटा, उज्जैन, भोपाल, नागपुर, विजयवाड़ा, नेल्लौर और रेनिगुंटा समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस ट्रेन में कुल 24 कोच लगाए जाएंगे। रेलवे ने बताया कि 31 जुलाई 2026 तक एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच अस्थायी रूप से लगाया जाएगा।

रेलवे का मानना है कि इन दोनों ट्रेनों को नियमित किए जाने से राजस्थान, हरियाणा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के यात्रियों को बेहतर और स्थायी रेल सुविधा मिलेगी, साथ ही लंबी दूरी की यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।