अमृत भारत स्टेशन योजना: 16.18 करोड़ रुपये से बदलेगा बाड़मेर स्टेशन का स्वरूप, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

बाड़मेर। राजस्थान के पश्चिमी क्षेत्र का प्रमुख रेलवे स्टेशन बाड़मेर अब आधुनिक सुविधाओं से लैस नए स्वरूप में नजर आएगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लगभग 16.18 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास किया गया है। इस परियोजना का उद्देश्य यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति देना है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि बाड़मेर जिले में तेल एवं गैस उत्पादन, ऊर्जा परियोजनाओं तथा बेंटोनाइट, जिप्सम और नमक जैसे खनिजों के कारण औद्योगिक गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं। इसके चलते रेल यातायात में भी लगातार वृद्धि हुई है। वर्तमान में बाड़मेर स्टेशन पर 28 ट्रेनों का ठहराव है और यहां से प्रतिदिन करीब 8 हजार यात्री सफर करते हैं।

पुनर्विकास के तहत स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार, आधुनिक सर्कुलेटिंग एरिया, आकर्षक लैंडस्केपिंग, ऑटो, दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए पृथक पार्किंग, विशाल प्रवेश द्वार, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग प्रतीक्षालय, रिटायरिंग रूम, डोरमेट्री, नया वीआईपी कक्ष और स्टेशन अधीक्षक कार्यालय तैयार किए गए हैं।

इसके अलावा मौजूदा फुट ओवर ब्रिज पर लिफ्ट की सुविधा, 12 मीटर चौड़ा नया फुट ओवर ब्रिज, नए प्लेटफॉर्म शेल्टर, दिव्यांगजन अनुकूल शौचालय, पेयजल बूथ, आधुनिक साइनेज, उच्च गुणवत्ता वाला फर्नीचर, स्मारकीय ध्वज और स्टेशन भवन के आकर्षक सौंदर्यीकरण जैसे कार्य भी किए गए हैं।

रेलवे का कहना है कि बाड़मेर स्टेशन का यह कायाकल्प भारतीय रेल की आधुनिक, सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल और यात्री-केंद्रित रेलवे व्यवस्था के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा, बल्कि बाड़मेर की पर्यटन और औद्योगिक पहचान भी और मजबूत होगी।

मुख्य सुविधाएं

16.18 करोड़ रुपये से स्टेशन का पुनर्विकास

अलग प्रवेश एवं निकास द्वार

आधुनिक सर्कुलेटिंग एरिया और लैंडस्केपिंग

ऑटो, दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग

विशाल प्रवेश हाल और नया स्टेशन भवन

महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग प्रतीक्षालय

रिटायरिंग रूम, डोरमेट्री और वीआईपी कक्ष

लिफ्ट सहित नया 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज

नए प्लेटफॉर्म शेल्टर और आधुनिक साइनेज

दिव्यांगजन अनुकूल शौचालय एवं पेयजल सुविधा

बेहतर फर्नीचर, होर्डिंग्स और स्टेशन का आकर्षक सौंदर्यीकरण