अंतरराष्ट्रीय न्याय दिवस पर छात्र-छात्राओं को कानूनों की दी जानकारी

कासगंज। माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन तथा माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कासगंज की अनुमति से शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय न्याय दिवस के अवसर पर जेपी पब्लिक एकेडमी, नदरई गेट में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि एवं मध्यस्थ अधिवक्ता सत्येन्द्र पाल सिंह बैस ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न कानूनी अधिकारों एवं सामाजिक विषयों की जानकारी दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मध्यस्थ अधिवक्ता सत्येन्द्र पाल सिंह बैस ने अंतरराष्ट्रीय न्याय दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्र-छात्राओं को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, पॉक्सो अधिनियम, मिशन शक्ति अभियान तथा शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21(ए) के तहत छह से 14 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का अधिकार प्राप्त है।

बैस ने दहेज और उपहार के बीच का अंतर समझाते हुए दहेज प्रथा को समाप्त करने के उपाय बताए। इसके साथ ही बाल विवाह, घरेलू हिंसा और भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कानून की जानकारी हासिल कर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और समाज में कानूनी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर निर्मल कुमार अग्रवाल, कॉर्डिनेटर दिव्यांगी दुबे एवं रेनू माहेश्वरी के अलावा राधिका माहेश्वरी, प्रियंका राजपूत, पूनम कुमारी, अंशिता, दीपाली, उत्कर्ष कुमार, दुश्यंत कुमार, हरवीर सिंह, देवेंद्र झा सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं का सहयोग रहा।