उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नवनियुक्त पदाधिकारियों का हुआ सम्मान

कासगंज। स्थानीय फोर लीफ होटल में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से नवनियुक्त पदाधिकारियों के स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के व्यापारी, समाजसेवी, राजनीतिक क्षेत्र के लोग एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान संगठन ने युवा इकाई के नए पदाधिकारियों की भी घोषणा की।

संगठन के जिला अध्यक्ष सतीश गुप्ता एवं नगर अध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल ने डॉ. विकास चंद्र गुप्ता को पुनः युवा जिला अध्यक्ष तथा डॉ. मोहम्मद फारुख को पुनः जिला महामंत्री नियुक्त किए जाने पर माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। उपस्थित व्यापारियों ने दोनों पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।

डॉ. विकास चंद्र गुप्ता ने कहा कि संगठन द्वारा दोबारा जताया गया विश्वास उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए वह सदैव समर्पित रहेंगे तथा युवा व्यापारियों को संगठन से जोड़कर उसे और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करेंगे।

डॉ. मोहम्मद फारुख ने कहा कि व्यापारी समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता है। यदि सभी व्यापारी संगठित रहेंगे तो किसी भी समस्या का प्रभावी समाधान संभव है।

जिला अध्यक्ष सतीश गुप्ता ने कहा कि संगठन हमेशा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहा है और आगे भी पूरी मजबूती से उनकी आवाज उठाता रहेगा। नगर अध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल ने व्यापारियों से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सक्रिय सहयोग की अपील की।

इस अवसर पर संगठन का विस्तार करते हुए युवा इकाई में नए पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई। सिद्धपुरा नगर युवा इकाई का अध्यक्ष मनोज गुप्ता, महामंत्री राजू शर्मा तथा अमित वार्ष्णेय को युवा जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. ज्ञान प्रकाश गुप्ता, अनिल पुंडीर, जमशेद आलम, गंजडुंडवारा नगर अध्यक्ष अमित महाजन सहित अनेक व्यापारी, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन की निरंतर प्रगति की कामना की। समारोह का समापन व्यापारी एकता एवं संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।