सोनम वांगचुक के समर्थन में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

कासगंज। जिला कांग्रेस कमेटी विधि विभाग के चेयरमैन एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सत्येन्द्र पाल सिंह बैस के नेतृत्व में गुरुवार को जनपद न्यायालय परिसर से अधिवक्ताओं ने जंतर-मंतर, नई दिल्ली में आंदोलनरत शिक्षा सुधारक, समाज सुधारक एवं वैज्ञानिक सोनम वांगचुक तथा अन्य छात्रों के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला।

प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं के हाथों में "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो", "देश के छात्रों का भविष्य बर्बाद मत करो", "पेपर लीक बंद करो", "भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक की आवाज सुनो", "पेट्रोल से एथेनॉल हटाओ" तथा "आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा दो" जैसे स्लोगन लिखी तख्तियां थीं, जिन्हें प्रदर्शन के दौरान लहराया गया।

चेयरमैन सत्येन्द्र पाल सिंह बैस एडवोकेट ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों की आवाज सुनने के बजाय उन्हें प्रताड़ित कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगों पर सरकार ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने दावा किया कि भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक की तबीयत लगातार बिगड़ रही है, लेकिन अब तक सरकार का कोई प्रतिनिधि उनसे मिलने नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी की बात सुनी जानी चाहिए, लेकिन वर्तमान सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी कर रही है।

अधिवक्ता चंद्रशेखर यादव ने कहा कि सरकार का रवैया तानाशाहीपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल में एथेनॉल मिलाए जाने से आम लोगों के वाहनों को नुकसान हो रहा है और सरकार को इसे तत्काल बंद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई से परेशान है, लेकिन सरकार उसकी समस्याओं की अनदेखी कर रही है।

अधिवक्ता मोहम्मद तारिक अली ने कहा कि देश का माहौल चिंताजनक है और आम जनता की आवाज सरकार तक नहीं पहुंच रही है। उन्होंने लोगों से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने और देशहित के मुद्दों पर एकजुट होने का आह्वान किया।

प्रदर्शन में सुनील असावा, निरंजन सिंह, विजय प्रताप सिंह, सत्येंद्र सिंह, मोहम्मद अयाज, प्रेम सिंह, कमल कुमार सिंह यादव, चंद्रशेखर यादव, जितिन मौर्य, अयोध्या प्रसाद, मोहम्मद तारिक अली, सत्यम शर्मा, अभिषेक कुमार सिंह, मोहित बघेल, राज सिंह, होडिल सिंह वर्मा, धारा सिंह, नवल किशोर शर्मा, विशाल कुमार वर्मा, नरेंद्र कुमार शर्मा, योगेंद्र कुमार, दिनेश कुमार, अरविंद कुमार सिंह यादव, यशवीर सिंह यादव, ओमेंद्र सिंह, अनूप सिंह, हिमांशु उपाध्याय सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।