स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत : बैस

कासगंज। जिला कांग्रेस कमेटी विधि विभाग के चेयरमैन एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सत्येन्द्र पाल सिंह बैस ने शनिवार को अपने कार्यालय पर अधिवक्ता साथियों के साथ युगपुरुष स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर गोष्ठी आयोजित की। इस दौरान उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला गया। अधिवक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

चेयरमैन सत्येन्द्र पाल सिंह बैस एडवोकेट ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि प्रतिवर्ष 4 जुलाई को मनाई जाती है। वर्ष 1902 में इसी दिन उन्होंने मात्र 39 वर्ष की आयु में बेलूर मठ में महासमाधि ली थी। उनका संपूर्ण जीवन, वेदांत दर्शन तथा युवा सशक्तिकरण पर आधारित विचार आज भी देश-दुनिया के करोड़ों लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। वर्ष 1893 में शिकागो में आयोजित विश्व धर्म संसद में दिया गया उनका ऐतिहासिक संबोधन भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और सार्वभौमिक भाईचारे का अमर संदेश बन गया, जिसकी गूंज आज भी पूरी दुनिया में सुनाई देती है।

उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने कहा था, "मुझे एक ऐसे धर्म का अनुयायी होने पर गर्व है जिसने दुनिया को सहिष्णुता और सार्वभौमिक स्वीकृति दोनों का पाठ पढ़ाया है। हम सिर्फ सार्वभौमिक सहिष्णुता में ही विश्वास नहीं करते, बल्कि हम सभी धर्मों को सत्य मानते हैं।" उनके विचार आज भी समाज को एकता, सद्भाव और मानवता का संदेश देते हैं। वर्ष 1897 में उन्होंने रामकृष्ण मिशन की स्थापना की, जो आज भी शिक्षा, सेवा और आध्यात्मिक जागरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।

बैस ने कहा कि स्वामी विवेकानंद विश्वभर के युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन, राष्ट्रभक्ति, आध्यात्मिक चिंतन और मानव सेवा का संदेश सदैव समाज का मार्गदर्शन करता रहेगा। जब तक सृष्टि रहेगी, तब तक उनका नाम इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।

गोष्ठी में कमल कुमार सिंह यादव, कौशल किशोर शर्मा, सत्यवीर सिंह, ओम प्रकाश सिंह, यशवीर सिंह यादव, मानिकचंद गौतम, सतेंद्र सिंह, तेजेंद्र, सत्यम शर्मा, अभिषेक कुमार सिंह, राज, नरेंद्र शर्मा, निरंजन, मोहम्मद खालिद और विशाल पाल सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।