बैतालपुर में 400 पशुओं को लगाया गया गलाघोंटू का टीका, अभियान जारी

बैतालपुर, देवरिया।विकास खंड बैतालपुर में मंगलवार को गलाघोंटू रोग से बचाव हेतु विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बलटिकरा,सिरजम,भरौली, बिशुनपुरा,बेलही व भरौली मेहड़ा आदि गांवों में 400 पशुओं को गलाघोंटू का टीका लगाया गया।
टीकाकरण टीम का नेतृत्व पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकांत तिवारी ने किया। उनके साथ मैत्री धर्मेन्द्र यादव,पंकज मणि,रजनीश यादव,अभिषेक मणि,राजकुमार यादव,चेतन मणि व दुष्यंत तिवारी भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीनिवास प्रसाद के मार्गदर्शन में जनपद के सभी विकास खंडों में टीकाकरण टीमें गठित कर अभियान संचालित किया जा रहा है।
पशु चिकित्साधिकारी बैतालपुर डॉ. दिग्विजय यादव ने बताया कि बरसात के मौसम में गलाघोंटू रोग के फैलने का खतरा अधिक होता है, इसलिए टीकाकरण बेहद जरूरी है। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं का समय पर टीका लगवाएं।
डॉ. यादव ने बताया कि विकास खंड बैतालपुर में कुल 14 हजार पशुओं को गलाघोंटू का टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसमें अब तक 5 हजार पशुओं को टीका लगाया जा चुका है एवं शेष पशुओं का भी टीकाकरण लगातार अभियान चलाकर किया जाएगा।