जगरांव रेलवे स्टेशन से पहली बार रवाना हुई मक्के की मिनी रैक, फिरोजपुर मंडल ने रचा नया कीर्तिमान

फिरोजपुर। फिरोजपुर रेल मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए जगरांव रेलवे स्टेशन से पहली बार मक्के की मिनी रैक का सफल संचालन किया। 21 वैगनों वाली यह मिनी रैक जगाधरी के लिए रवाना की गई, जिससे मंडल को लगभग 4.85 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

अब तक जगरांव रेलवे स्टेशन से मुख्य रूप से भारतीय खाद्य निगम द्वारा खाद्यान्न की लदान की जाती थी, लेकिन पहली बार मक्के की मिनी रैक का संचालन होने से क्षेत्र के कृषि व्यापार को नई दिशा मिली है।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट की टीम ने जगरांव मंडी के मक्का व्यापारियों से लगातार संपर्क कर उन्हें रेल परिवहन के फायदे बताए। इसी प्रयास का परिणाम रहा कि व्यापारियों ने सड़क मार्ग के बजाय रेल परिवहन को अपनाया और पहली मक्के की मिनी रैक सफलतापूर्वक रवाना हुई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि रेलवे व्यापारियों को मालभाड़े में विभिन्न रियायतें, एक वैगन तक की बुकिंग और पीसमील ट्रैफिक जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। इससे छोटे और मध्यम व्यापारी भी समूह बनाकर कम लागत में अपने माल का सुरक्षित और तेज परिवहन रेल के माध्यम से कर पा रहे हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के लगातार प्रयासों से सड़क परिवहन का रुख धीरे-धीरे रेल की ओर बढ़ रहा है। इससे न केवल रेलवे के राजस्व में वृद्धि हो रही है, बल्कि किसानों और व्यापारियों को भी किफायती, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन का बेहतर विकल्प मिल रहा है।