फिरोजपुर मंडल में समर कोचिंग कैंप का भव्य समापन, बच्चों को प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित

फिरोजपुर मंडल में समर कोचिंग कैंप का भव्य समापन, बच्चों को प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित

उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में आयोजित समर कोचिंग कैंप का मंगलवार को सफल समापन समारोह संपन्न हुआ। यह कैंप उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन एवं मंडल स्पोर्ट्स संगठन के संयुक्त तत्वावधान में रेलवे अधिकारी क्लब, फिरोजपुर में आयोजित किया गया था।

करीब एक महीने तक चले इस विशेष समर कैंप में बच्चों को स्विमिंग, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, जुम्बा डांस, टेबल टेनिस, शतरंज और योग जैसी विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा दिया गया। इस कैंप में 100 से अधिक बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर नई-नई गतिविधियां सीखीं और अपनी प्रतिभा को निखारा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह कैंप रेल कर्मचारियों के बच्चों के साथ-साथ बाहरी बच्चों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना रहा। बच्चों के उत्साह और अभिभावकों की मांग को देखते हुए 1 जून से 21 जून तक निर्धारित इस कैंप की अवधि बढ़ाकर 30 जून 2026 तक कर दी गई थी।

समापन समारोह के दौरान मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कैंप में भाग लेने वाले बच्चों को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं कैंप के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रशिक्षकों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि समर कैंप के दौरान बच्चों ने खेल गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया। खेलकूद का सकारात्मक वातावरण बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इससे बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, मित्रता और टीम भावना विकसित होती है।

उन्होंने कहा कि खेलों में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण सहभागिता होती है और इसी भावना को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजन नियमित रूप से जारी रखे जाएंगे। यह समर कोचिंग कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सफल पहल साबित हुआ।