रेल में मुफ्त सफर का खेल खत्म,सीनियर डीसीएम परमदीप सिंह सैनी की टीम ने किया बड़ा एक्शन

फिरोजपुर मंडल की सख्ती से व्यवस्था मजबूत: जून में 40 हजार से ज्यादा बेटिकट यात्री पकड़े, रेलवे को ₹3.16 करोड़ राजस्व

यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल द्वारा जून 2026 में चलाए गए विशेष टिकट चेकिंग अभियान में बड़ी सफलता हासिल की गई। मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ और मुख्य टिकट निरीक्षकों ने कार्रवाई करते हुए 40,244 यात्रियों को बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करते हुए पकड़ा।

इस अभियान के दौरान रेलवे प्रशासन ने इन यात्रियों से लगभग 3.16 करोड़ रुपये जुर्माने के रूप में वसूल किए, जिससे राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।

स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी मंडल प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा। जून माह में स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वाले 375 यात्रियों पर एंटी लिटरिंग एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जिनसे 69 हजार रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि टिकट चेकिंग अभियान का मुख्य उद्देश्य वैध टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा प्रदान करना है।

वहीं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक फ्रेट परमदीप सिंह सैनी के नेतृत्व में यह अभियान लगातार प्रभावी तरीके से संचालित किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे, ताकि बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाई जा सके और ईमानदारी से यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलती रहें।

फिरोजपुर मंडल की यह पहल रेलवे में अनुशासन, स्वच्छता और बेहतर यात्री सेवा को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक और सराहनीय कदम बनकर सामने आई है।