फर्जी रेलवे विजिलेंस इंस्पेक्टर बनकर रेलवे कार्यों में हस्तक्षेप करने वाले व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई, जालंधर कैंट स्टेशन पर पकड़ा गया आरोपी

फर्जी रेलवे विजिलेंस इंस्पेक्टर बनकर रेलवे कार्यों में हस्तक्षेप करने वाले व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई, जालंधर कैंट स्टेशन पर पकड़ा गया आरोपी

फिरोजपुर,उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने रेलवे सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर एक ऐसे व्यक्ति को पकड़ा, जो खुद को रेलवे विजिलेंस इंस्पेक्टर बताकर रेलवे कार्यों में अनधिकृत हस्तक्षेप कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, 28 जून 2026 को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों के दौरान पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम जावेद अली बताया और खुद को रेलवे विजिलेंस इंस्पेक्टर बताकर रेलवे कर्मचारियों के बीच झूठी पहचान बनाकर प्रभाव जमाने का प्रयास किया।

बताया गया कि आरोपी फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर रेलवे की विशेष सुविधाओं का गलत तरीके से लाभ लेने की कोशिश कर रहा था। जब संबंधित अधिकारियों द्वारा उससे रेलवे का वैध पहचान पत्र मांगा गया, तो वह कोई भी प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद मामले की सूचना तुरंत आरपीएफ को दी गई।

सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को अपने कब्जे में लिया और उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

फिरोजपुर मंडल प्रशासन ने यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं को रेलवे अधिकारी या विजिलेंस अधिकारी बताता है, तो उसकी वैध पहचान अवश्य जांचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या संबंधित रेलवे अधिकारियों को दें, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी की घटनाओं पर समय रहते रोक लगाई जा सके।

उत्तर रेलवे फिरोजपुर मंडल ने स्पष्ट किया है कि रेलवे व्यवस्था में फर्जीवाड़ा और अनधिकृत हस्तक्षेप करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।