फिरोजपुर मंडल में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक संपन्न, हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

फिरोजपुर मंडल में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक संपन्न, हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

फिरोजपुर। फिरोजपुर मंडल में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार की अध्यक्षता में मंडल कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया। इस बैठक में मंडल के सभी शाखा अधिकारी एवं मुख्य कार्यालय अधीक्षकों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि भारतीय रेल जिस प्रकार देश के कोने-कोने को जोड़ने का कार्य करती है, उसी प्रकार राजभाषा हिंदी पूरे देश को भाषाई रूप से एक सूत्र में पिरोने का कार्य करती है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से सरकारी कामकाज में राजभाषा से संबंधित संवैधानिक नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करने का आह्वान किया।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि क क्षेत्र में द्विभाषी तथा ख और ग क्षेत्र में त्रिभाषी सूत्र का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि राजभाषा नीति का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी नितिन गर्ग ने अधिकारियों से अपील की कि वे स्वयं हिंदी में कार्य करें और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी हिंदी में काम करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष अपने-अपने कार्यालयों में हिंदी कार्यों की समय-समय पर समीक्षा करें, जिससे राजभाषा के प्रयोग को और अधिक बढ़ावा मिल सके।

बैठक का संचालन सहायक मंडल सामग्री प्रबंधक एवं राजभाषा अधिकारी मस्?तराम मीना ने किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।

यह बैठक राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और सरकारी कार्यों में उसके प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।