अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अहमदाबाद मंडल की अनोखी पहल, अब चलती वंदे भारत ट्रेनों में भी होगा योग

अहमदाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने इस बार एक अनूठी पहल करते हुए रेलवे परिसरों के साथ-साथ चार वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में भी विशेष योग सत्र आयोजित करने का फैसला किया है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों और रेल कर्मचारियों को स्वास्थ्य, संतुलित जीवनशैली और समग्र कल्याण के प्रति जागरूक करना है।

मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश के मार्गदर्शन में 21 जून को मंडल के कई प्रमुख स्थानों पर बड़े स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें साबरमती सामुदायिक भवन, ओल्ड रेलवे इंस्टीट्यूट साबरमती, रेलवे इंस्टीट्यूट कांकरिया, गांधीधाम सामुदायिक भवन और वीरमगाम सामुदायिक भवन प्रमुख हैं।

इस बार अहमदाबाद मंडल ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए चलती वंदे भारत ट्रेनों में भी योग सत्र कराने की अनूठी योजना बनाई है। यात्रा कर रहे यात्री योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में अपनी सीट पर बैठकर आसान योगाभ्यास और प्राणायाम कर सकेंगे।

जिन ट्रेनों में यह विशेष आयोजन होगा उनमें गांधीनगर कैपिटल?मुंबई सेंट्रल वंदे भारत, साबरमती?जोधपुर वंदे भारत, असारवा?उदयपुर वंदे भारत और अहमदाबाद?ओखा वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अहमदाबाद मंडल पहले भी अहमदाबाद, महेसाणा, पालनपुर और गांधीधाम समेत कई स्टेशनों पर सफल योग शिविर आयोजित कर चुका है, जिसमें रेलकर्मियों और यात्रियों ने उत्साह से भाग लिया था।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ?स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग? रखी गई है। पश्चिम रेलवे ने सभी रेल यात्रियों और कर्मचारियों से इस वैश्विक अभियान का हिस्सा बनते हुए योग सत्रों में शामिल होने की अपील की है।