वडोदरा स्टेशन पर यार्ड पुनर्गठन कार्य के चलते 8 जुलाई तक कई रेलगाड़ियां रहेंगी प्रभावित

वडोदरा स्टेशन पर यार्ड पुनर्गठन कार्य के चलते 8 जुलाई तक कई रेलगाड़ियां रहेंगी प्रभावित

पश्चिम रेलवे ने जानकारी दी है कि वडोदरा जंक्शन स्टेशन पर यार्ड पुनर्गठन तथा इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली के कार्य के लिए लिए जा रहे बड़े ब्लॉक के कारण 21 जून 2026 से 8 जुलाई 2026 तक कई रेलगाड़ियों के संचालन में बदलाव किया जाएगा। इस दौरान कुछ रेलगाड़ियां आंशिक रूप से निरस्त रहेंगी तो कुछ का संचालन सीमित स्टेशनों तक किया जाएगा।

रेलवे के अनुसार इस अवधि में कई रेलगाड़ियों को संक्षिप्त गंतव्य तक चलाया जाएगा। इनमें 19036 अहमदाबाद-वडोदरा इंटरसिटी एक्सप्रेस, 22960 जामनगर-वडोदरा इंटरसिटी एक्सप्रेस, तथा 69114, 69108 और 69102 वटवा-वडोदरा मेमू शामिल हैं। ये सभी रेलगाड़ियां वडोदरा स्टेशन तक नहीं जाएंगी और केवल बाजवा स्टेशन तक ही संचालित होंगी। बाजवा से वडोदरा के बीच इनका संचालन आंशिक रूप से बंद रहेगा।

इसी प्रकार कुछ रेलगाड़ियां संक्षिप्त प्रारंभिक स्टेशन से चलाई जाएंगी। 19035 वडोदरा-अहमदाबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस, 22959 वडोदरा-जामनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस, तथा 69101, 69115, 69113 और 69107 वडोदरा-वटवा मेमू अब वडोदरा स्टेशन के बजाय बाजवा स्टेशन से रवाना होंगी। इनका वडोदरा से बाजवा के बीच संचालन आंशिक रूप से निरस्त रहेगा।

इसके अलावा 59549 वडोदरा-वटवा मेमू के प्रारंभिक स्टेशन में भी बदलाव किया गया है। यह रेलगाड़ी अब वडोदरा के स्थान पर प्रतापनगर प्रतापनगर स्टेशन से सुबह 5 बजकर 40 मिनट पर प्रस्थान करेगी।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन के आधुनिकीकरण, बेहतर संचालन व्यवस्था और यातायात को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए यह कार्य किया जा रहा है। यार्ड पुनर्गठन और नई इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली लागू होने के बाद रेल संचालन अधिक सुरक्षित, तेज और सुचारु हो सकेगा।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा करने से पहले अपनी रेलगाड़ी की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी असुविधा से बचा जा सके।