बैतालपुर में जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला का आयोजन

देवरिया।केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकास खंड बैतालपुर परिसर में रविवार को जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि प्रभाकर राय ने की।श्री राय ने बताया कि "सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान"की भावना को ध्यान में रखते हुए यह समेकित जन कल्याण एवं जन जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और मौके पर ही लाभ दिलाना है।मेले में स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि विभाग तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा अलग-अलग स्टाल लगाए गए। ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि ने सभी स्टालों का निरीक्षण किया और उपस्थित नागरिकों से अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।कार्यक्रम में एडीओ पंचायत चंद्र भूषण त्रिपाठी, पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकांत तिवारी, डॉ. जमाल सिद्दीकी, विनय पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।