उपजिलाधिकारी ने छुट्टा गोवंशों को गौशाला भेजने के दिए निर्देश

देवरिया।तहसील स्तरीय गौ संरक्षण,अनुश्रवण,मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक मंगलवार को सदर तहसील कार्यालय में उप जिलाधिकारी श्री प्रवीन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गयी।
बैठक में उपजिलाधिकारी ने सभी खण्ड विकास अधिकारी,अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत एवं पशु चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में कहीं भी छुट्टा/निराश्रित गोवंश दिखाई दें तो उसे तत्काल नजदीकी गौशालाओं में संरक्षित कराया जाए। उन्होंने गोवंशों के समुचित देख-रेख व पोषण पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया।
एसडीएम ने निर्देश दिया कि चारागाह की जमीनों पर तत्काल नेपियर या अन्य हरा चारा की बुवाई कराई जाए तथा फेंसिंग कराकर बोये गये हरे चारे को सुरक्षित किया जाए। खण्ड विकास अधिकारी व पशु चिकित्साधिकारी द्वारा गौशालाओं का नियमित निरीक्षण कर रिपोर्ट पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए।
उन्होंने एफ.एफ.सी.पुलिंग द्वारा धनराशि पूल कराकर गौशालाओं की अन्य व्यवस्थाओं को तत्काल ठीक कराने को कहा। सभी गौशालाओं के सी.सी.टी.वी. कैमरे सही कराकर कन्ट्रोल रूम से जुड़वाना सुनिश्चित करें, जिससे शासन स्तर से प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके।सहभागिता योजना के अंतर्गत दिये गये गोवंशों का समय से लेखपाल व सचिव द्वारा सत्यापन कराने हेतु भी निर्देशित किया गया।
बैठक में उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ओम प्रकाश प्रजापति ने आगामी त्योहारों को देखते हुए सभी अधिकारियों को गौकशी पर विशेष निगरानी रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के लिए कहा।
बैठक में समस्त खण्ड विकास अधिकारी, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी एवं पशुधन प्रसार अधिकारी उपस्थित रहे।