इतवारी स्टेशन पर चला विशेष टिकट चेकिंग अभियान, 124 मामले पकड़े गए, रेलवे को 23,710 रुपये का राजस्व

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष "नाका टिकट चेकिंग अभियान" के तहत नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 124 मामलों का पता लगाकर रेलवे ने 23,710 रुपये का राजस्व अर्जित किया।

नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह के मार्गदर्शन में 21 मई से 14 जून 2026 तक विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 30 मई को इतवारी स्टेशन पर सघन टिकट जांच की गई।

सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमित कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में एक अधिकारी, तीन मुख्य टिकट निरीक्षक, 11 टिकट परीक्षक, एक एमटीएस तथा दो आरपीएफ कर्मियों की टीम ने 14 ट्रेनों की जांच की।

जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट और सामान संबंधी अनियमितताओं के कुल 124 मामले सामने आए। इनमें बिना टिकट यात्रा के 26 मामलों से 10,250 रुपये, अनियमित यात्रा के 13 मामलों से 4,960 रुपये, अनियमित लगेज के 84 मामलों से 8,400 रुपये तथा धूम्रपान के एक मामले से 100 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह ने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। उन्होंने कहा कि बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा करना रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। यात्रियों को यूटीएस ऑन मोबाइल और अन्य डिजिटल टिकटिंग सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की सलाह भी दी गई।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, राजस्व सुरक्षा सुनिश्चित करने और यात्रियों में टिकट लेकर यात्रा करने की आदत को बढ़ावा देने के लिए ऐसे विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।