भीषण गर्मी में यात्रियों के लिए राहत बना छिंदवाड़ा ओपन ग्रुप का जल सेवा अभियान

नागपुर। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच द भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के अंतर्गत छिंदवाड़ा ओपन ग्रुप द्वारा चलाया जा रहा जल सेवा अभियान यात्रियों के लिए बड़ी राहत बनकर उभरा है। लगातार छठवें दिन भी यह अभियान पूरी सेवा भावना और उत्साह के साथ जारी रहा।स्टेशन परिसर में स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने यात्रियों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराकर मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। अभियान में स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स और यूनिट लीडर्स ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा अनुशासन, टीमवर्क और समर्पण के साथ यात्रियों की सेवा की।गर्मी से परेशान यात्रियों को पानी पिलाते हुए सदस्यों का उत्साह और सेवा भावना देखते ही बन रही थी। यात्रियों ने भी इस पहल की खुले दिल से सराहना की। कई यात्रियों ने कहा कि तपती गर्मी में यह अभियान उनके लिए किसी राहत से कम नहीं है। स्टेशन पर मौजूद लोगों ने स्काउट्स एवं गाइड्स की इस सेवा भावना को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन, मंडल कार्मिक विभाग के सहयोग तथा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्वेता एच. के. छोरीया के प्रेरणादायी नेतृत्व में इस तरह के जनहित एवं सामाजिक सेवा कार्य लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह अभियान न केवल यात्रियों को राहत पहुंचा रहा है, बल्कि युवाओं में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत कर रहा है।सेवा ही हमारा धर्म है के संदेश को आत्मसात करते हुए छिंदवाड़ा ओपन ग्रुप का यह अभियान मानवता, संवेदनशीलता और समर्पण की मिसाल बनता जा रहा है।