बहमनी गेट समपार फाटक 4 दिनों तक रहेगा बंद, दोपहर 12 से रात 10 बजे तक यातायात रहेगा प्रभावित

बहमनी गेट समपार फाटक चार दिनों तक रहेगा बंद, वैकल्पिक मार्ग से होगा यातायात

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत धनोली?आमगांव रेलखंड पर स्थित बहमनी गेट समपार फाटक संख्या 493 पर मरम्मत एवं ओवरहॉलिंग कार्य के चलते सड़क यातायात को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार रेल पथ के अनुरक्षण तथा सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए बीसीएम मशीन की सहायता से समपार फाटक पर निर्धारित ओवरहॉलिंग कार्य किया जाएगा। इसके तहत किलोमीटर 974/8-10 पर स्थित समपार फाटक संख्या 493 (डाउन लाइन) पर सभी प्रकार के सड़क यातायात का आवागमन अस्थायी रूप से प्रतिबंधित रहेगा।

यह समपार फाटक 4 जून, 5 जून, 8 जून और 11 जून 2026 को दोपहर 12 बजे से रात्रि 10 बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान क्षेत्र के लोगों को आवागमन में असुविधा न हो, इसके लिए यातायात को निकटवर्ती रेल रोड ओवर ब्रिज तथा समपार फाटक संख्या 496 (कुम्हारटोली गेट) के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा।

रेल प्रशासन ने कहा है कि यह कार्य रेल यात्रियों एवं रेल संचालन की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। नागरिकों एवं वाहन चालकों से अनुरोध किया गया है कि निर्धारित अवधि में वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें तथा रेलवे एवं यातायात विभाग के कर्मचारियों का सहयोग करें।