राजनांदगांव स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान, 86 हजार रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर नियंत्रण के लिए राजनांदगांव स्टेशन पर विशेष नाका टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 200 मामलों में कार्रवाई करते हुए 86 हजार 325 रुपये का राजस्व अर्जित किया गया।

यह विशेष अभियान 28 मई 2026 को मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री दिलीप सिंह के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करना था।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जांच अभियान में बिना टिकट यात्रा के 94 मामलों से 45 हजार 50 रुपये, अनियमित टिकट के 93 मामलों से 39 हजार 875 रुपये, बिना बुक किए गए लगेज के 12 मामलों से 1 हजार 200 रुपये तथा धूम्रपान के एक मामले से 200 रुपये की वसूली की गई।

अभियान का नेतृत्व सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमित कुमार ने किया। इस दौरान 2 मुख्य टिकट निरीक्षक, 12 टिकट परीक्षक एवं 2 रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सदैव वैध एवं उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा रेलवे नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित, सुगम एवं अनुशासित यात्रा में सहयोग प्रदान करें।