नागपुर मंडल में 25 सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को भावभीनी विदाई, 11.34 करोड़ रुपये से अधिक की सेटलमेंट राशि प्रदान

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने अपनी गौरवशाली परंपरा को कायम रखते हुए सेवानिवृत्ति के दिन ही कर्मचारियों को उनके समस्त सेटलमेंट लाभ प्रदान किए। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में 31 मई 2026 को सेवानिवृत्त होने जा रहे 25 कर्मचारियों को कुल 11 करोड़ 34 लाख 73 हजार 578 रुपये की सेटलमेंट राशि प्रदान की गई।

कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी स्वेता एच. के. छोरिया की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेटलमेंट राशि के साथ परिचय पत्र, एफआईसी कार्ड, कैलकुलेशन शीट, सेवा प्रमाणपत्र, पीपीओ, समरी शीट एवं सेवा पुस्तिका का प्रथम पृष्ठ भी उपलब्ध कराया गया।

अपने संबोधन में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी स्वेता एच. के. छोरिया ने सभी कर्मचारियों को स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सेवा काल के दौरान अधूरे रह गए सपनों को कर्मचारी इस राशि के समुचित उपयोग से पूरा कर सकते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं उनके परिवार के सदस्य खुशहाल और स्वस्थ जीवन व्यतीत करेंगे।

कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक वैभव दहिवले, सहायक कार्मिक अधिकारी सुशील कुमार लकड़ा सहित अन्य वरिष्ठ शाखा अधिकारी भी उपस्थित रहे।

नागपुर मंडल द्वारा सेवानिवृत्ति के दिन ही सेटलमेंट राशि प्रदान करने की यह व्यवस्था कर्मचारियों के प्रति रेलवे प्रशासन की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।