माता वैष्णो देवी के दर्शन कर अभिभूत हुए सीएम मोहन यादव, बोले- श्रद्धालु सुविधाओं का आदर्श मॉडल है श्राइन बोर्ड

कटड़ा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को पवित्र माता वैष्णो देवी भवन पहुंचकर दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने न केवल मां वैष्णो देवी का आशीर्वाद लिया, बल्कि श्राइन बोर्ड की व्यवस्थाओं और प्रबंधन प्रणाली की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैष्णो देवी का मॉडल देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव अधिकारियों के एक विशेष दल के साथ कटड़ा पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उनकी यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि मंदिरों की आधुनिक प्रबंधन व्यवस्था को समझने और उसे मध्य प्रदेश के प्रमुख मंदिरों में लागू करने के उद्देश्य से भी है।

उन्होंने कहा कि माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालु सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक सेवाओं का संचालन बेहद व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से किया जा रहा है। यहां की सुचारू दर्शन व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाएं अन्य धार्मिक स्थलों के लिए एक आदर्श मॉडल बन सकती हैं।

सीएम यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार भी राज्य के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने, भीड़ प्रबंधन को मजबूत करने और आधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए देशभर के प्रमुख धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं का अध्ययन किया जा रहा है।

उन्होंने श्राइन बोर्ड द्वारा संचालित शिक्षा और स्वास्थ्य संस्थानों की भी सराहना करते हुए कहा कि यह मॉडल केवल धार्मिक प्रबंधन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सेवा का भी उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इसी तरह का समन्वित और जनहितकारी मॉडल अन्य मंदिरों में भी विकसित करने की योजना बनाई जा रही है।

मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान कटड़ा और वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कई श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं और उनके दौरे का स्वागत किया।