भीषण गर्मी बोली- अब मैं क्या ही करूं, भक्त तो माता के दीवाने हैं!

भीषण गर्मी पर भारी पड़ी आस्था, सुहावने मौसम में जयकारों के साथ मां वैष्णो देवी की चढ़ाई कर रहे श्रद्धालु

कटड़ा। भीषण गर्मी और तेज धूप भी मां वैष्णो देवी के भक्तों की आस्था और उत्साह को कम नहीं कर पा रही है। धर्मनगरी कटड़ा से लेकर पवित्र भवन तक हर तरफ जय माता दी के गूंजते जयकारों के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ यात्रा कर रहे हैं। सुबह की ठंडी हवाएं और शाम का सुहावना मौसम भक्तों के कदमों को और भी ऊर्जा दे रहा है।

शुक्रवार को कटड़ा और यात्रा मार्ग पर तापमान में बढ़ोतरी जरूर देखने को मिली, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था गर्मी पर भारी पड़ती नजर आई। दिन में तेज धूप के कारण अधिकतर यात्री सुबह और शाम के समय यात्रा करना पसंद कर रहे हैं। ठंडे और सुहावने मौसम में पहाड़ों के बीच मां के दरबार की चढ़ाई श्रद्धालुओं को खास अनुभव दे रही है।

यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ाव बाणगंगा, चरणपादुका, अर्धकुंवारी और सांझीछत में दिनभर भक्तों की रौनक बनी रही। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई मां के जयकारों के साथ आगे बढ़ता नजर आया। रास्ते में भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा यात्रा मार्ग पर पेयजल, चिकित्सा सुविधा और विश्राम स्थलों की विशेष व्यवस्था की गई है। जगह-जगह ठंडे पानी, प्राथमिक उपचार और आराम की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिल रही है। प्रशासन और श्राइन बोर्ड की टीमें लगातार यात्रा मार्ग पर निगरानी बनाए हुए हैं ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारु बनी रहे।

शुक्रवार दोपहर 3 बजे तक करीब 23 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर आरएफआईडी कार्ड प्राप्त कर मां वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना हो चुके थे। देशभर से लगातार श्रद्धालुओं के कटड़ा पहुंचने से धर्मनगरी पूरी तरह भक्तिमय माहौल में रंगी नजर आई।

स्थानीय व्यापारियों के अनुसार गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे बाजारों और होटल कारोबार में भी अच्छी रौनक देखने को मिल रही है। कटड़ा के बाजार दिनभर श्रद्धालुओं की चहल-पहल से गुलजार रहे और हर तरफ उत्साह, भक्ति और उमंग का माहौल बना रहा।