भीषण गर्मी और लू पर भारी पड़ रही श्रद्धालुओं की आस्था, मां वैष्णो देवी दरबार में उमड़ रही भक्तों की भारी भीड़

कटड़ा। भीषण गर्मी, तेज धूप और लू के थपेड़ों के बीच भी मां वैष्णो देवी के भक्तों की आस्था लगातार बढ़ती जा रही है। धर्मनगरी कटड़ा और यात्रा मार्ग पर हर दिन हजारों श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ रहे हैं। गर्म मौसम के बावजूद यात्रा में भक्तों का उत्साह कम होने का नाम नहीं ले रहा।

बुधवार सुबह मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला और घने बादल छाने से श्रद्धालुओं को कुछ राहत महसूस हुई, लेकिन थोड़ी ही देर बाद मौसम फिर साफ हो गया और दिनभर तेज धूप व उमस का असर बना रहा। दोपहर के समय अधिक गर्मी के चलते कई श्रद्धालु कटड़ा और यात्रा मार्ग पर बने विश्राम स्थलों पर आराम करते नजर आए, जबकि शाम ढलते ही भवन की ओर जाने वाले भक्तों की संख्या तेजी से बढ़ गई।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड और स्थानीय प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग पर ठंडे पानी, मेडिकल कैंप, सफाई व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराई जा रही हैं।

गर्मी के इस कठिन दौर में भी यात्रा के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं। वर्तमान में प्रतिदिन 35 से 40 हजार श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। बीते 26 मई को करीब 44,500 श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए, जबकि 27 मई को शाम 5 बजे तक ही 26 हजार से अधिक भक्त यात्रा पर्ची लेकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे।

मां वैष्णो देवी के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था यह साबित कर रही है कि भक्तों के उत्साह के आगे भीषण गर्मी और लू भी फीकी पड़ रही है।