खेरागढ़ पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 86 वाहनों के चालान, एक वाहन सीज

सुमित गर्ग संवाददाता खेरागढ़,

खेरागढ़। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना खेरागढ़ पुलिस द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत चौकी दूधाधारी, नगला कमाल चौराहा एवं कागरौल चौराहा पर विशेष वाहन चेकिंग की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 86 चालान किए गए तथा एक वाहन सीज किया गया।

पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार ड्रिंक एंड ड्राइविंग का 1, बिना सीट बेल्ट के 6, बिना हेलमेट के 32, दो पहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने के 11 तथा क्षमता से अधिक सवारी बैठाने के 7 चालान किए गए। इसके अलावा नो पार्किंग के 5, फॉल्टी नम्बर प्लेट के 20, यातायात नियमों के उल्लंघन के 2 एवं मोडिफाइड साइलेंसर का 1 चालान किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

थाना प्रभारी हरीश कुमार शर्मा ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकता है। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की।