गर्मी में मरीजों को राहत देने आगे आए ब्लॉक प्रमुख अनिल सिकरवार

भीषण गर्मी में मरीजों को राहत: सीएचसी खेरागढ़ में लगेगा आरओ प्लांट और वाटर कूलर

खेरागढ़। भीषण गर्मी के बीच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खेरागढ़ में मरीजों और तीमारदारों को अब शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। ब्लॉक प्रमुख अनिल सिकरवार ने अपनी निधि से सीएचसी परिसर में समर्सिबल, आरओ प्लांट और वाटर कूलर लगवाने का कार्य शुरू कराया है।

अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन उपचार के लिए पहुंचते हैं। अब तक पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। खासकर गर्मी के मौसम में ठंडे और स्वच्छ पानी की कमी मरीजों व तीमारदारों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई थी।

नई व्यवस्था लागू होने के बाद अस्पताल आने वाले लोगों को आसानी से शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा, जिससे उन्हें गर्मी से राहत मिलेगी।

ब्लॉक प्रमुख अनिल सिकरवार ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के साथ मरीजों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से प्रमुख निधि का उपयोग कर यह कार्य कराया जा रहा है, ताकि अस्पताल आने वाले किसी भी व्यक्ति को पेयजल समस्या का सामना न करना पड़े।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. आर. के. सिंह ने कहा कि दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंचते हैं। गर्मी के मौसम में शुद्ध और ठंडे पानी की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक थी। ब्लॉक प्रमुख द्वारा कराई जा रही यह व्यवस्था मरीजों, तीमारदारों और स्वास्थ्य कर्मचारियों सभी के लिए लाभकारी साबित होगी।

स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया है।