ABVP के 7 दिवसीय ‘रानी लक्ष्मीबाई छात्रा व्यक्तित्व विकास शिविर’ का शुभारंभ

छात्राओं को आत्मरक्षा, ब्यूटीशियन, इंग्लिश स्पीकिंग व सांस्कृतिक गतिविधियों का मिलेगा प्रशिक्षण

आगरा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के तत्वावधान में छात्राओं के स्वावलंबन, सुरक्षा एवं सर्वांगीण विकास को समर्पित 7 दिवसीय ?रानी लक्ष्मीबाई छात्रा व्यक्तित्व विकास शिविर? का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। यह शिविर 29 मई तक निःशुल्क संचालित किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र की सैकड़ों छात्राएं प्रतिभाग कर रही हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सब इंस्पेक्टर शिवा शर्मा ने मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य वक्ता के रूप में समाजसेवी कृष्णा गर्ग मौजूद रहीं। शिविर की रूपरेखा एवं संचालन संयोजिका सोनम ने प्रस्तुत किया।

मुख्य अतिथि शिवा शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में बेटियों का मानसिक एवं शारीरिक रूप से सशक्त होना बेहद आवश्यक है। ऐसे शिविर छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें नेतृत्व क्षमता विकसित करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि कानून एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता ही महिलाओं की सबसे बड़ी ताकत है।

मुख्य वक्ता कृष्णा गर्ग ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई साहस, स्वाभिमान और नारी शक्ति की प्रतीक हैं। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के साथ-साथ हुनर विकसित करने पर जोर देते हुए कहा कि आज के समय में स्किल डेवलपमेंट आत्मनिर्भरता की कुंजी है। ABVP का यह प्रयास सराहनीय है।

संयोजिका सोनम ने बताया कि शिविर का उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाना एवं उनमें आत्मविश्वास विकसित करना है। शिविर में सेल्फ डिफेंस, इंग्लिश स्पीकिंग, रंगोली, मेहंदी, डांस तथा ब्यूटीशियन प्रशिक्षण सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण के माध्यम से छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे, जबकि ब्यूटीशियन कोर्स के जरिए स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को भी मंच प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर विभाग संगठन मंत्री रजत जोशी, विभाग सह संयोजक मोहित सिकरवार, जिला SFS संयोजक शुभ शर्मा, जिला SFD संयोजक अश्वनी चौधरी, तहसील संयोजक सौरभ कुशवाह, नगर मंत्री धर्मेंद्र बघेल, नगर सह मंत्री वैष्णवी गोस्वामी, अंकित बघेल, कौशल, अर्जुन सहित परिषद के कार्यकर्ता, स्थानीय पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में संयोजिका सोनम ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।