अलीगढ़ में झोपड़पट्टियों में अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान, 50 लोगों को दी गई आग से बचाव की जानकारी

अलीगढ़। जनपद अलीगढ़ में 18 मई को एडीजी फायर सर्विस मुख्यालय लखनऊ एवं एसएसपी अलीगढ़ के आदेशानुसार तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के निर्देशन में आग से बचाव को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान स्कीम नंबर-15 के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित किया गया।अभियान के दौरान समस्त अग्निशमन केंद्र प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में 05 स्थानों पर फायर सर्विस स्टाफ के माध्यम से कुल 50 व्यक्तियों को झोपड़ियों में आग लगने के संभावित कारणों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। जागरूकता कार्यक्रम में लीडिंग फायरमैन एवं फायरमैन द्वारा झोपड़पट्टी में रहने वाले लोगों को विशेष रूप से लकड़ी के चूल्हे, कुकिंग गैस सिलेंडर एवं छोटे सिलेंडर से होने वाली अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के बारे में विस्तार से बताया गया।फायर विभाग द्वारा बताया गया कि झोपड़ियों में लूज वायरिंग, चूल्हे से उठने वाली चिंगारी, सिलेंडर में लगे जीर्ण-क्षीर्ण पाइप, रेगुलेटर में लीकेज तथा गैस रिसाव जैसी समस्याओं के कारण अक्सर गंभीर अग्निकांड हो जाते हैं। इन खतरों को ध्यान में रखते हुए लोगों को सतर्क रहने और समय रहते सावधानी बरतने की सलाह दी गई।जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि भोजन पकाने का स्थान यथासंभव पक्का एवं सुरक्षित होना चाहिए। साथ ही गैस सिलेंडर के पास आपात स्थिति के लिए एक कोने में दो भीगे हुए टाट के बोरे अवश्य रखने की सलाह दी गई, ताकि आग लगने पर तुरंत प्राथमिक नियंत्रण किया जा सके।अभियान के दौरान पंपलेट भी वितरित किए गए और पंपलेट में दिए गए बिंदुओं को पढ़कर लोगों को आग से बचाव के बारे में समझाया गया। इस कार्यक्रम में फायर वॉलिंटियर्स का भी सहयोग लिया गया।मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता अभियानों का उद्देश्य झोपड़पट्टी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आग से बचाव के प्रति जागरूक करना और संभावित दुर्घटनाओं को रोकना है।