भोजपुरा चौराहे पर किराना दुकान में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने समय रहते पाया काबू, बड़ा हादसा टला

अलीगढ़। थाना कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत भोजपुरा चौराहे पर स्थित एक कन्फेक्शनरी एवं स्टेशनरी (किराना) दुकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना 18 मई को शाम 17:40 बजे की बताई जा रही है। आग की सूचना आरटी सेट के माध्यम से अग्निशमन केंद्र बन्नादेवी के कंट्रोल रूम को प्राप्त हुई।

सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी बन्नादेवी के नेतृत्व में अग्निशमन केंद्र बन्नादेवी से 03 फायर टेंडर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि दुकान में भीषण आग लगी थी और लपटें दुकान से बाहर निकल रही थीं।

फायर सर्विस यूनिट ने तुरंत आग बुझाने का कार्य शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी, अलीगढ़ द्वारा अग्निशमन केंद्र तालानगरी एवं पुलिस लाइन अलीगढ़ से अतिरिक्त फायर यूनिट को भी सहायता हेतु बुलाया गया।

अग्निशमन कर्मियों ने सूझ-बूझ और अथक प्रयासों से आग पर काबू पाते हुए आसपास के बाजार क्षेत्र में आग फैलने से रोक दिया। फायर टीम की मेहनत से दुकान के तीनों ओर स्थित एटीएम तथा 12 दुकानों सहित अन्य प्रतिष्ठानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। काफी मशक्कत के बाद आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया गया।

आग बुझाने के बाद किए गए निरीक्षण में दुकान स्वामी द्वारा आग लगने का कारण विद्युत शार्ट सर्किट बताया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने अग्निशमन कर्मचारियों की तत्परता, साहस एवं कार्यकुशलता की जमकर सराहना की और कहा कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर न पहुंचती तो बड़ा नुकसान हो सकता था।

मुकेश कुमार मुख्य अग्निशमन अधिकारी